गुवाहाटी, 26 अक्टूबर।
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिवंगत पिता पर की गई कथित टिप्पणी की निंदा की। उन्होंने कहा कि दूसरों का अपमान करना खड़गे के लिए कोई नई बात नहीं है।
मुख्यमंत्री सोमवार को आजारा में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। वह माजिरगांव आंचलिक सार्वजनिक श्रीश्री लक्ष्मी पूजा के हीरक जयंती समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। आयोजन के दूसरे दिन उन्होंने ‘निमेषिका’ स्मारिका का विमोचन भी किया।
जुबीन गर्ग मामले में न्याय की मांग से जुड़े सवाल पर सरमा ने कहा कि प्रकरण फिलहाल न्यायालय के विचाराधीन है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जांच की प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं और न्यायपालिका को निशाना बनाकर बयान दे रहे हैं।
वहीं, श्रीभूमि में बिहू दल पर कथित हमले की घटना को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि बराक घाटी के लोगों और विभिन्न संगठनों ने भी इसकी आलोचना की है। उन्होंने बताया कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर चुकी है।














