फिरोजाबाद, 26 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। रविवार देर रात नसीरपुर थाना क्षेत्र के छटनपुरा गांव के पास तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े ग्रामीणों को टक्कर मार दी थी। हादसे में घायल दो और लोगों की सोमवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। छह अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
छटनपुरा गांव में शरद पूर्णिमा पर टेशू-झांझी के विवाह के बाद रविवार रात ग्रामीण बटेश्वर मार्ग पर सड़क किनारे स्थित कुएं के पास विसर्जन कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने वहां मौजूद लड़कियों और ग्रामीणों को कुचल दिया। ग्रामीणों ने कार का पीछा किया तो चालक ने दोबारा उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में आकांक्षा (15), अंजली (15), दीपिका (17) और हरीश उर्फ सोनू (25) की रविवार रात ही मौत हो गई थी। आठ लोग घायल हुए थे। इनमें 10 वर्षीय गुनगुन और कार सवार गुलफाम ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए हैं।
बेटे की मौत के सदमे में पिता ने भी तोड़ा दम
हादसे में जान गंवाने वाले हरीश उर्फ सोनू के पिता गंभीर सिंह की भी सोमवार को मौत हो गई। वह अस्पताल में कैंसर का उपचार करा रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार, बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी।
गांव में पसरा मातम, नेताओं ने जताया शोक
हादसे में मारे गए चार लोगों का अंतिम संस्कार रात में ही गांव में विधि-विधान से किया गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनुज चौधरी ने बताया कि हादसे में घायल सभी लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था। अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है। चार शवों का पोस्टमार्टम हो चुका है और दो शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सोमवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव छटनपुरा गांव पहुंचे। उन्होंने मृतकों और घायलों के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।














