सिलीगुड़ी, 26 अक्टूबर।
न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन पर हथियारों की तस्करी की कोशिश को रेलवे पुलिस ने नाकाम कर दिया। संयुक्त अभियान के दौरान विवेक एक्सप्रेस के सामान्य डिब्बे में तलाशी लेकर बिहार के दो युवकों को आग्नेयास्त्रों के साथ गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए युवकों की पहचान रोहन कुमार (20) और गुड्डू कुमार (19) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात सिलीगुड़ी राजकीय रेलवे पुलिस के विशेष अभियान दल और एनजेपी रेलवे पुलिस ने मिलकर कार्रवाई की। इस दौरान प्लेटफॉर्म नंबर छह पर पहुंची डाउन विवेक एक्सप्रेस के सामान्य डिब्बे की जांच की गई।
तलाशी के दौरान संदेह होने पर दोनों युवकों को हिरासत में लिया गया। उनके स्कूल बैग की जांच करने पर आग्नेयास्त्र बरामद हुए। पुलिस अब इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे पुलिस सोमवार को दोनों आरोपितों को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश करेगी और उनसे पूछताछ के लिए रिमांड की मांग करेगी।














