देवरिया, 26 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में बनकटा थाना पुलिस ने वाहन जांच के दौरान 225 लीटर देशी शराब बरामद कर बिहार के एक युवक को गिरफ्तार किया है। शराब ले जाने में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि जंजीरहा से मठिया जाने वाले मार्ग पर पुलिया के पास एक कार से शराब बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन की तलाशी ली।
जांच के दौरान टाटा जेस्ट एक्सएम कार से बंटी-बबली लाइम देशी शराब की 25 पेटियां मिलीं। इनमें कुल 1,125 पाउच थे और प्रत्येक पाउच में 200 मिलीलीटर शराब भरी थी। इस तरह बरामद शराब की कुल मात्रा 225 लीटर निकली।
पुलिस ने मौके से बिहार के छपरा जिले के तरैया थाना क्षेत्र के अरदेवा गांव निवासी सत्येंद्र साहनी (34) को गिरफ्तार कर लिया। शराब तस्करी में इस्तेमाल कार को भी कब्जे में लिया गया है।
आरोपित के खिलाफ बनकटा थाने में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।














