रायगढ़, 26 अक्टूबर।
जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुसौर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने ग्राम बड़े भंडार में नाकेबंदी के दौरान ओडिशा की ओर से मोटरसाइकिल पर गांजा लेकर आ रहे एक व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ और जांच में गांजा मंगाने वाले व्यक्ति की भी पहचान हुई, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को पुसौर थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह बैस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति काले रंग के बैग में गांजा लेकर होंडा साइन एसपी 125 मोटरसाइकिल से चंद्रपुर के रास्ते रायगढ़ आ रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के बाद पुलिस टीम ने ग्राम बड़े भंडार में प्रियंका किराना स्टोर के सामने मुख्य सड़क पर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम लब सा (30), निवासी झारसुगुड़ा, ओडिशा और वर्तमान पता चक्रधर कॉलोनी, चंद्रपुर, जिला सक्ती बताया। उसके पास से तीन पैकेट में कुल 2.893 किलो गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 1.40 लाख रुपये आंकी गई। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये है।
इस मामले में पुसौर थाने में अपराध क्रमांक 267/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20(ख) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान लब सा के कथन के आधार पर गांजा मंगाने वाले राजू दास महंत (39), निवासी बरमुड़ा, थाना कोतरारोड़, जिला रायगढ़ की तलाश की गई।
जांच में सामने आया कि राजू दास महंत ने मोबाइल फोन के माध्यम से लब सा से संपर्क कर तीन किलो गांजा मंगाया था। इसके बदले उसने कियोस्क बैंक ग्राहक सेवा केंद्र के जरिए 14,850 रुपये हस्तांतरित किए थे।
पुलिस ने राजू दास महंत के पास से वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए। इनमें वी2029 और वीवो टी4 लाइट 5जी मॉडल शामिल हैं। दोनों मोबाइल की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपितों से गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित कुल करीब 2 लाख 40 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। दोनों को 25 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था और सोमवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।














