भोपाल, 26 अक्टूबर।
दीपावली सहित आगामी त्योहारों और मौसम में बदलाव को देखते हुए भोपाल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा ने सोमवार को जयप्रकाश जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों के उपचार के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आईसीयू, अस्थि रोग विभाग, आकस्मिक चिकित्सा इकाई, सामान्य ओपीडी, मेडिसिन, शिशु रोग और श्वसन रोग विभाग की सेवाओं की समीक्षा की गई। सीएमएचओ ने सिविल सर्जन को चिकित्सा व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
दीपावली के दौरान पटाखों से जलने की घटनाओं में घायलों के उपचार के लिए अस्पताल में पांच बिस्तरों का विशेष बर्न वार्ड तैयार किया गया है। डॉ. शर्मा ने इस वार्ड का भी निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने सांस संबंधी बीमारियों के उपचार के लिए उपलब्ध ऑक्सीजन प्रणाली, नेबुलाइजर और वेंटिलेटर की कार्यशीलता जांची। साथ ही आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की।
डॉ. शर्मा ने बताया कि सर्दी बढ़ने और आतिशबाजी के कारण वायु प्रदूषण में वृद्धि की आशंका रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए अस्पतालों में जरूरी चिकित्सा सुविधाएं और उपचार संबंधी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।














