राजगढ़, 26 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में जहरीला पदार्थ खाने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की शिवधाम कॉलोनी की है। युवक को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान लखन पुत्र रमेश मोगिया के रूप में हुई है। वह शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचावता का निवासी था। पिछले दो से तीन महीने से वह अपनी पत्नी मुस्कान के साथ शिवधाम कॉलोनी स्थित अपने ससुराल में रह रहा था।
सोमवार दोपहर लखन ने सड़क पर खड़े होकर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उपचार किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक की पत्नी के ससुराल जाने को लेकर पारिवारिक परिस्थितियां बनी हुई थीं। हालांकि, इसी वजह से उसने जहरीला पदार्थ खाया या घटना के पीछे कोई अन्य कारण था, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। युवक की कोई संतान नहीं थी।
पुलिस ने घटना के बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।














