भोपाल, 26 अक्टूबर।
राजधानी के करोंद स्थित भैरव बाबा मंदिर में बदमाश मुख्य द्वार का ताला तोड़कर दान पेटी चोरी कर ले गए। घटना सोमवार तड़के करीब ढाई से तीन बजे के बीच की बताई जा रही है। वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुजारी की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
ताला तोड़कर मंदिर में घुसे बदमाश
मंदिर परिसर में रहने वाले पुजारी दिनेश पचौरी (32) ने पुलिस को बताया कि 25 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे भगवान की शयन आरती के बाद उन्होंने मंदिर बंद कर दिया था। इसके बाद वह अपने कमरे में सोने चले गए। देर रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच उन्हें कुछ तोड़ने की आवाज सुनाई दी।
बाहर आकर देखने पर मंदिर के मुख्य लोहे के द्वार का ताला टूटा मिला और दरवाजा खुला हुआ था। इसके बाद उन्होंने मंदिर के अंदर जाकर देखा तो दुर्गा मंदिर के सामने रखी दान पेटी गायब थी।
एक साल से नहीं खुली थी दान पेटी
पुजारी के अनुसार, बदमाश दान पेटी चोरी कर ले गए और बाद में उसका ताला तोड़कर उसमें रखी रकम निकाल ली। खाली पेटी मंदिर के पास झाड़ियों में फेंक दी गई। दान पेटी करीब एक साल से नहीं खोली गई थी, इसलिए उसमें कितनी राशि जमा थी, इसका पता नहीं चल सका है।
एक महीने पहले भी हुई थी चोरी
पुजारी ने बताया कि करीब एक महीने पहले मंदिर परिसर में स्थित शिव मंदिर की दान पेटी भी चोरी हुई थी। उस घटना की शिकायत भी पुलिस से की गई थी। अब भैरव बाबा मंदिर में दोबारा चोरी होने के बाद आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की पहचान करने और चोरी की घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।













