कोलकाता, 26 अक्टूबर।
सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान में विद्यार्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। दस सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने मंगलवार को देशभर में विरोध प्रदर्शन करने का आह्वान किया है। उनकी प्रमुख मांगों में शिक्षा की स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक अधिकार, परिसर की सुरक्षा और छात्र परिषद के चुनाव शामिल हैं। विद्यार्थियों का कहना है कि संस्थान के अधिकारियों ने अब तक उनसे बातचीत नहीं की है, इसलिए आंदोलन जारी रहेगा।
विद्यार्थियों के आह्वान पर जादवपुर विश्वविद्यालय और आलिया विश्वविद्यालय सहित कई शिक्षण संस्थानों के छात्रों के भी प्रदर्शन में शामिल होने की संभावना है। आंदोलनकारी सुबह से संस्थान परिसर में जुलूस निकालने और नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए विरोध दर्ज कराएंगे।
यह विवाद 27 सितंबर को संस्थान के कोलकाता परिसर में शुरू हुआ था। आरोप है कि अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के एक कार्यक्रम के दौरान विवाद की स्थिति बनी। विद्यार्थियों के एक समूह ने बाहरी लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया था। संगठन की ओर से भी जवाबी आरोप लगाए गए।
इसके बाद चार अक्टूबर को परिसर में एक और हमले का आरोप सामने आया। विद्यार्थियों ने इसके विरोध में प्रदर्शन शुरू किया और कुलपति के इस्तीफे की मांग उठाई। यह आंदोलन अब तक जारी है।














