थेनी, 27 अक्टूबर।
तमिलनाडु के थेनी जिले की थेक्कमपट्टी उप-जेल से 17 कैदियों के फरार होने की घटना के बाद पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। कैदियों ने जेलकर्मियों पर हमला करने के बाद भागने की कोशिश की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार कैदियों को पकड़ लिया है, जबकि बाकी 13 की तलाश जारी है।
घटना आंडिपट्टी के पास स्थित थेक्कमपट्टी उप-जेल में हुई। कैदियों के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने उन्हें पकड़ने के लिए विशेष दल गठित किए। दक्षिणी क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विजयेंद्र बिदरी खुद थेनी में रहकर तलाशी अभियान की निगरानी कर रहे हैं और टीमों को जरूरी निर्देश दे रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तमिलनाडु जेल विभाग के महानिदेशक संदीप राय राठौर भी थेनी के लिए रवाना हो गए हैं। वह चेन्नई से विमान के जरिए मदुरै पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से थेनी जा रहे हैं। उनके दौरे का उद्देश्य घटनास्थल का निरीक्षण करना, जेल की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करना और कैदियों के भागने की परिस्थितियों का पता लगाना है।
शेष 13 कैदियों की गिरफ्तारी के लिए तमिलनाडु और केरल की सीमा पर निगरानी बढ़ा दी गई है। मदुरै समेत दक्षिणी तमिलनाडु के विभिन्न जिलों में पुलिस दल वाहनों की गहन जांच कर रहे हैं। इसके साथ ही फरार कैदियों के संभावित ठिकानों पर भी नजर रखी जा रही है।
एक साथ 17 कैदियों के फरार होने से जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। ऐसे में जेल विभाग के महानिदेशक का निरीक्षण और घटना की जांच अहम मानी जा रही है।















