मुंबई, 11 नवंबर।
सलमान खान की आने वाली फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का ट्रेलर जारी होने के बाद से ही यह चर्चा में बनी हुई है। लंबे समय से टल रही यह फिल्म अब 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सलमान के साथ पहली बार चित्रांगदा सिंह दिखाई देंगी।
ट्रेलर को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं अलग-अलग हैं। कुछ लोगों ने इसके एक्शन और कहानी को सराहा है, वहीं सलमान के एक संवाद पर सोशल मीडिया में सवाल उठ रहे हैं।
ट्रेलर के एक दृश्य में सलमान चीनी सैनिक से बातचीत करते हुए कहते हैं, "चलो इसे ठीक करते हैं, ब्रो। पीस आउट।" युद्ध के तनावपूर्ण माहौल में इस तरह के हल्के अंदाज वाले संवाद को कई दर्शकों ने असहज करने वाला बताया है।
यह संवाद सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं। कुछ उपयोगकर्ताओं ने इसकी तुलना सलमान के पहले चर्चा में आए संवाद "सोनम, इट्स डन, ब्रो" से की।
कई लोगों ने सवाल किया कि सैन्य तनाव जैसे गंभीर हालात में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कितना सही है। कुछ दर्शकों ने संवाद लिखने और उसे मंजूरी देने वालों की आलोचना भी की। कुछ उपयोगकर्ताओं ने सलमान को अभिनय छोड़ने तक की सलाह दे दी।
‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का सामना श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईथा’ से होगा।











