कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस के डिगारू रेलवे स्टेशन पर पटरी से उतरने के बाद पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने ट्रेन परिचालन सामान्य कर दिया है। हादसे से प्रभावित सभी यात्रियों को विशेष ट्रेन से साइरंग भेजा गया। अब गुवाहाटी-लामडिंग रेलखंड की अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से हो रहा है।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि यात्रियों को लेकर विशेष ट्रेन सुबह 11:30 बजे डिगारू से रवाना हुई। फंसे हुए यात्रियों को पीने का पानी और खाद्य सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।
उन्होंने बताया कि अलग-अलग स्टेशनों पर रोकी गई ट्रेनों ने भी अपनी आगे की यात्रा शुरू कर दी है। रेलवे के महाप्रबंधक सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और राहत एवं बहाली कार्यों की निगरानी की। घटना की विस्तृत जांच भी की जा रही है।
तीन ट्रेन सेवाएं रद्द
हादसे के कारण कुछ ट्रेन सेवाएं रद्द करनी पड़ी हैं। इनमें 11 नवंबर की ट्रेन संख्या 75727/75728 गुवाहाटी-हैबरगांव-गुवाहाटी डीएमयू, ट्रेन संख्या 15676 गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस और 12 नवंबर की ट्रेन संख्या 15675 न्यू जलपाईगुड़ी-गुवाहाटी इंटरसिटी एक्सप्रेस शामिल हैं।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया। रेलवे ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई है।















