नई दिल्ली, 11 नवंबर।
सड़क उपयोगकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार के मामले में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने बिजवासन टोल प्लाजा की शुल्क वसूली एजेंसी मेसर्स रिद्धि सिद्धि एसोसिएट्स के खिलाफ कार्रवाई की है। एजेंसी को एक महीने के लिए प्रतिबंधित करने के साथ 15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार, यह कार्रवाई पांच नवंबर को राष्ट्रीय राजमार्ग-248बीबी स्थित बिजवासन टोल प्लाजा पर एजेंसी के कर्मचारियों द्वारा सड़क उपयोगकर्ताओं के साथ किए गए दुर्व्यवहार के बाद की गई है।
एनएचएआई ने एजेंसी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। इसमें एजेंसी के साथ उसके मालिकों और निदेशकों को एक साल तक प्राधिकरण के भविष्य के टेंडरों में हिस्सा लेने से प्रतिबंधित करने का प्रस्ताव रखा गया है।
प्राधिकरण ने निर्देश दिया है कि एजेंसी 14 नवंबर को टोल प्लाजा का संचालन नई एजेंसी को सौंप दे।
अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन पर कार्रवाई
एनएचएआई के मुताबिक, अनुबंध की शर्तों के तहत टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारियों से उचित आचरण और अनुशासन बनाए रखने की जिम्मेदारी शुल्क वसूली एजेंसी की है। पांच नवंबर की घटना से यह सामने आया कि एजेंसी अपने कर्मचारियों की निगरानी और अनुबंध की शर्तों का पालन सुनिश्चित करने में विफल रही।
प्राधिकरण ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सभी यात्रियों को सुरक्षित और सुगम सफर उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। टोल प्लाजा पर किसी भी तरह का दुर्व्यवहार और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।














