गुवाहाटी, 11 नवंबर।
असम की मिसिंग स्वायत्त परिषद (एमएसी) और सोनोवाल कछारी स्वायत्त परिषद (एसकेएसी) के लिए 30 नवंबर को होने वाले चुनावों की नामांकन प्रक्रिया 10 नवंबर को पूरी हो गई। मिसिंग स्वायत्त परिषद के 40 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल 268 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। वहीं, सोनोवाल कछारी स्वायत्त परिषद के 32 निर्वाचन क्षेत्रों में 163 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे हैं।
एमएसी चुनाव में 6.35 लाख मतदाता
मिसिंग स्वायत्त परिषद के चुनाव में कुल 6,35,493 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए 40 निर्वाचन क्षेत्रों में 1,032 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 28 सीटें अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों और सात सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। पांच निर्वाचन क्षेत्र सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए खुले हैं।
एसकेएसी चुनाव में 1.63 लाख मतदाता
सोनोवाल कछारी स्वायत्त परिषद के चुनाव में कुल 1,63,966 मतदाता हिस्सा लेंगे। इसके लिए 32 निर्वाचन क्षेत्रों में 337 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 25 सीटें अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों और छह सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। एक निर्वाचन क्षेत्र सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए खुला रखा गया है।
चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त, खर्च की सीमा दो लाख रुपये
दोनों स्वायत्त परिषदों के चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए असम राज्य चुनाव आयोग ने कुल 45 चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। आयोग ने प्रत्येक उम्मीदवार के लिए अधिकतम चुनावी खर्च की सीमा दो लाख रुपये निर्धारित की है।














