नई दिल्ली, 11 नवंबर।
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह बुधवार को तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर इटली रवाना हुए। इस दौरे का उद्देश्य यूरोप के साथ भारत का वैज्ञानिक जुड़ाव मजबूत करना और विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को आगे बढ़ाना है।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे डॉ. सिंह इटली के अंतरिक्ष, एयरोस्पेस और अनुसंधान सहयोग से जुड़े मंत्रियों सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे। यात्रा के दौरान रोम में दूसरा भारत-इटली विज्ञान एवं नवाचार संवाद 2026 और ट्रिएस्टे के प्रमुख वैज्ञानिक संस्थानों का दौरा भी प्रस्तावित है।
12 नवंबर को रोम में होगा विज्ञान एवं नवाचार संवाद
12 नवंबर को आयोजित होने वाले इस संवाद में दोनों देशों के प्रमुख वैज्ञानिक संस्थान, अनुसंधान और नवाचार क्षेत्र के प्रतिनिधि तथा प्रौद्योगिकी इनक्यूबेटर शामिल होंगे। इसका उद्देश्य उत्कृष्ट अनुसंधान और रणनीतिक प्रौद्योगिकियों को बढ़ावा देना, शोध को नवाचार में बदलना, संस्थागत साझेदारी मजबूत करना और भविष्य के सहयोग के लिए संयुक्त कार्ययोजना तैयार करना है।
डॉ. जितेंद्र सिंह इटली की विश्वविद्यालय एवं अनुसंधान मंत्री अन्ना मारिया बर्निनी और अंतरिक्ष एवं एयरोस्पेस नीति के प्रभारी मंत्री एडोल्फो उर्सो के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। इनमें विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अनुसंधान और आपसी हित के रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी।
ट्रिएस्टे के वैज्ञानिक संस्थानों का करेंगे दौरा
13 नवंबर को ट्रिएस्टे में केंद्रीय मंत्री एलेट्रा सिंक्रोट्रॉन संयंत्र, अब्दुस सलाम अंतरराष्ट्रीय सैद्धांतिक भौतिकी केंद्र और अंतरराष्ट्रीय आनुवंशिक अभियांत्रिकी एवं जैव प्रौद्योगिकी केंद्र का दौरा करेंगे। इन संस्थानों में वैज्ञानिक सहयोग, अनुसंधान सुविधाओं की साझेदारी और शोधकर्ताओं के आदान-प्रदान की संभावनाओं पर चर्चा होगी।
भारतीय समुदाय से भी करेंगे संवाद
यात्रा के दौरान डॉ. जितेंद्र सिंह रोम में भारतीय समुदाय के सदस्यों से मुलाकात करेंगे। वे 14 नवंबर को भारतीय दूतावास में विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
यह यात्रा भारत और इटली के बीच विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने तथा वैश्विक अनुसंधान संस्थानों के साथ भारत की साझेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से की जा रही है।















