ग्वालियर, 30 अक्टूबर।
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना के तहत ग्वालियर-चंबल अंचल में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। ग्वालियर-चंबल यात्री परिवहन सेवा लिमिटेड के संचालक मंडल की पहली बैठक में 10 लाख रुपये की अंशपूंजी के लिए एक लाख इक्विटी शेयर जारी करने और नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी को कंपनी का कार्यकारी निदेशक नियुक्त करने का निर्णय लिया गया।
शुक्रवार को मंत्रालय में परिवहन विभाग के सचिव और कंपनी अध्यक्ष मनीष सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान सहित संभाग के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। कंपनी का गठन एक अप्रैल 2025 को मंत्रिमंडल की स्वीकृति के बाद किया गया था।
बैठक में नौ नामित निदेशकों की नियुक्ति को भी मंजूरी दी गई। इनमें विभिन्न विकास प्राधिकरणों, विभागों और जिलों के अधिकारी शामिल हैं। कंपनी का बैंक खाता भारतीय स्टेट बैंक में खोलने तथा शेयर हस्तांतरण को स्वीकृति दी गई। कार्यकारी निदेशक को अनुबंध, बैंकिंग और प्रशासनिक कार्यों के लिए अधिकृत किया गया।
वित्तीय पारदर्शिता के लिए नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक के माध्यम से प्रथम लेखापरीक्षक नियुक्त करने और आवश्यक पंजीयन कराने का निर्णय हुआ। कंपनी के मुख्य कार्यालय और नियंत्रण केंद्र के लिए स्मार्ट सिटी कार्यालय, जीडीए शताब्दीपुरम, माधव प्लाजा और संभागायुक्त कार्यालय में से उपयुक्त स्थान चुना जाएगा। प्रस्तावित कार्यालय में करीब 150 अधिकारियों-कर्मचारियों की क्षमता होगी।
















