सियोल, 31 अक्टूबर।
उत्तर कोरिया ने अपनी सैन्य क्षमताओं को प्रदर्शित करते हुए आत्मघाती ड्रोन, क्रूज मिसाइलें और 600 मिलीमीटर का विशाल बहु-रॉकेट लॉन्चर पेश किया। गुरुवार को मानवरहित हवाई तकनीक से जुड़े कार्यक्रम में आयोजित प्रदर्शनी में सर्वोच्च नेता किम जोंग-उन भी मौजूद रहे। यहां रणनीतिक और सामरिक ड्रोन सहित आधुनिक हथियार प्रणालियां प्रदर्शित की गईं।
प्रदर्शनी में सामरिक आत्मघाती ड्रोन, क्रूज मिसाइलों और 600 मिलीमीटर के बहु-रॉकेट लॉन्चर को भी दिखाया गया। इस लॉन्चर को ‘स्नाइपर’ नाम दिया गया है। पहली बार इसे सार्वजनिक रूप से फायरिंग अभ्यास के दौरान प्रदर्शित किया गया।
उत्तर कोरियाई सरकारी मीडिया ने दावा किया कि आत्मघाती और बहुउद्देशीय ड्रोन से दागे गए हवा से जमीन पर मार करने वाले हथियारों तथा क्रूज मिसाइलों ने एक द्वीप पर तय लक्ष्यों को पूरी सटीकता से निशाना बनाया।
किम जोंग-उन ने आधुनिक युद्ध में मानवरहित हवाई तकनीक के बढ़ते महत्व पर जोर दिया। उन्होंने देश की ड्रोन क्षमता को तेजी से विकसित करने और रक्षा क्षेत्र में नई तकनीकों को अपनाने की जरूरत बताई।
किम ने वैज्ञानिकों से मानवरहित हवाई तकनीक और रक्षा क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रदर्शनी पर संतोष जताते हुए सैन्य क्षमता और रक्षा उद्योग को और मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।
यह प्रदर्शन ऐसे समय हुआ है, जब दक्षिण कोरिया के संयुक्त सैन्य प्रमुखों ने गुरुवार को उत्तर कोरिया की ओर से पूर्वी सागर की दिशा में करीब 10 कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें दागे जाने का पता लगाया था।
दक्षिण कोरियाई सैन्य अधिकारियों को आशंका है कि इन प्रक्षेपणों में उत्तर कोरिया के केएन-25 सुपर-लार्ज 600 मिलीमीटर बहु-रॉकेट लॉन्चर का इस्तेमाल किया गया। उत्तर कोरिया का दावा है कि इस प्रणाली में उसके ‘हवासान-31’ सामरिक परमाणु वारहेड भी लगाए जा सकते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार का प्रक्षेपण इस साल उत्तर कोरिया का 17वां बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण था। इससे पहले 12 अक्टूबर को भी देश ने मिसाइल परीक्षण किया था।















