हांगकांग, 31 अक्टूबर।
हांगकांग सिक्सेस 2026 के ग्रुप सी मुकाबले में संयुक्त अरब अमीरात ने भारत को छह विकेट से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम छह ओवर में छह विकेट पर 94 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई ने 4.2 ओवर में बिना विकेट गंवाए 97 रन बनाकर दस गेंद शेष रहते जीत हासिल कर ली। भारत की शुरुआत लड़खड़ाती रही। नितीश राणा ने दो गेंदों पर छह रन बनाए, जबकि राहुल तेवतिया और शशांक सिंह एक-एक रन बनाकर लौट गए। राहुल त्रिपाठी ने सात गेंदों में 24 रन और कप्तान क्रुणाल पांड्या ने आठ गेंदों में 15 रन जोड़े। टी. नटराजन ने 14 गेंदों पर तीन चौके और चार छक्कों की मदद से 38 रन बनाकर स्कोर को 94 तक पहुंचाया। कुलवंत खेजरोलिया बिना खाता खोले नाबाद रहे। भारत ने नौ अतिरिक्त रन भी हासिल किए। यूएई के जाहिद अली ने दो ओवर में 32 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि मुहम्मद फारूक और मोहम्मद फरजुद्दीन को एक-एक सफलता मिली।
95 रन के लक्ष्य के जवाब में यूएई के कप्तान खालिद शाह और अंश टंडन ने भारतीय गेंदबाजों पर आक्रामक प्रहार करते हुए 26 गेंदों में 97 रन की नाबाद साझेदारी की। खालिद शाह ने 14 गेंदों पर तीन चौके और छह छक्कों के साथ नाबाद 52 रन बनाए, वहीं अंश टंडन ने 12 गेंदों में दो चौके और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 39 रन जोड़े। भारतीय गेंदबाज कोई विकेट नहीं ले सके। टी. नटराजन ने दो ओवर में 43 रन, शशांक सिंह ने एक ओवर में 17 रन और नितीश राणा ने एक ओवर में 24 रन दिए। इस हार के साथ भारत को ग्रुप सी में लगातार दूसरी पराजय का सामना करना पड़ा। इससे पहले पाकिस्तान ने भी भारतीय टीम को हराया था।











