हरदा, 31 अक्टूबर।
लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के जन्मदिवस और राष्ट्रीय एकता दिवस के पावन अवसर पर शनिवार को हरदा शहर में 'रन फॉर यूनिटी' मैराथन का भव्य आयोजन किया गया। जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग के साथ पुलिस प्रशासन की संयुक्त सहभागिता से निकली इस दौड़ को कलेक्टर कुमार सत्यम ने घंटाघर चौक से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस विशेष आयोजन में हरदा एसडीएम शैलेन्द्र बड़ौनिया, डीएसपी महिला सेल अरुणा सिंह, एसडीओपी शालिनी परस्ते, डिप्टी कलेक्टर अशोक डेहरिया, सीएमओ रोशन सिंह बाथम और जिला शिक्षा अधिकारी डीएस रघुवंशी समेत तमाम विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा जनप्रतिनिधि अपनी उपस्थिति दर्ज कराने पहुंचे।
यह उत्साह से भरी मैराथन घंटाघर चौक से रवाना होकर चांडक चौराहा, पोस्ट ऑफिस चौराहा, टांक चौराहा, प्रताप टॉकीज और संत कंवरराम चौक जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए नेहरू स्टेडियम के गेट नंबर चार पर समाप्त हुई।
दौड़ के आरंभ होने से ठीक पहले घंटाघर चौक पर कलेक्टर कुमार सत्यम ने वहां मौजूद सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, खेल प्रेमियों और जनप्रतनिधियों को देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के समापन सत्र में जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आज सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ही इस खास दिन को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने की ऐतिहासिक शुरुआत की है।
















