सुपौल, 31 अक्टूबर।
वीरपुर स्थित 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल में शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। कमांडेंट गौरव सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में जवानों ने उत्साह से हिस्सा लिया और एकता के साथ स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
आयोजन के तहत फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत पांच किलोमीटर की एकता दौड़, पैदल मार्च और साइकिल रैली निकाली गई। इसके साथ राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई गई। प्रतिभागियों को नियमित व्यायाम और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया गया। ‘फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज’ संदेश के जरिए प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा शारीरिक गतिविधि के लिए समय निकालने की अपील की गई।
कार्यक्रम में सरदार पटेल के राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए किए गए योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने उनके आदर्शों पर चलने और राष्ट्रहित में समर्पित रहने का संकल्प दोहराया।
अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने देश की एकता, अखंडता तथा आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। वाहिनी के अनुसार, आयोजन का उद्देश्य जवानों में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ राष्ट्रीय एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करना था।
















