शनिवार को भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस अपने नेता राहुल गांधी को खुश करने के लिए मॉक पार्लियामेंट का राजनीतिक तमाशा कर रही है। उनके मुताबिक, कांग्रेस काल्पनिक मुद्दों में उलझी है, जबकि विश्व बैंक की रिपोर्ट देश में गरीबी कम करने की दिशा में हुई प्रगति दर्शाती है।
त्रिवेदी ने दावा किया कि करीब 13-14 वर्ष पहले भारत की 57 प्रतिशत आबादी की दैनिक आय दो डॉलर से कम थी। अब प्रतिदिन 400 रुपये से कम कमाने वाली आबादी लगभग 16 प्रतिशत रह गई है। उन्होंने इसे गरीबी उन्मूलन की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया। भाजपा प्रवक्ता ने अगस्त 2025 में जारी गिनी इंडेक्स का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत का स्कोर 22.5 रहा और आर्थिक समानता के मामले में देश अग्रणी देशों में शामिल रहा।
उन्होंने राहुल गांधी के अगस्त 2013 के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें गरीबी को केवल मानसिकता बताया गया था। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के “पैसे पेड़ों पर नहीं उगते” कथन का उल्लेख किया। त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस और प्रधानमंत्री मोदी की सोच में बड़ा अंतर है और मौजूदा सरकार गरीबी कम करने के लिए काम कर रही है।
एलन मस्क के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा
त्रिवेदी ने कांग्रेस के आर्थिक रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर पार्टी भारत की अर्थव्यवस्था को कमजोर बताती है, दूसरी ओर एलन मस्क को भारत आने का निमंत्रण देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का ध्यान देश के विकास के बजाय प्रधानमंत्री को सत्ता से हटाने और राजनीतिक टकराव बढ़ाने पर केंद्रित है।
भाजपा सांसद ने कहा कि देश की आर्थिक प्रगति को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय तथ्यों के आधार पर देखा जाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी से वास्तविकता तथा राजनीतिक आख्यानों के बीच अंतर समझने की अपील की।
















