मुंबई, 2 नवंबर।
बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन पर उनके बांद्रा स्थित घर ‘मन्नत’ के बाहर सुबह से ही प्रशंसकों का पहुंचना शुरू हो गया। बड़ी संख्या में लोग अपने पसंदीदा अभिनेता की एक झलक पाने के लिए आवास के बाहर जमा हुए।
प्रशंसकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मुंबई पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी। घर के बाहर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए और बैरिकेडिंग की गई। वहां से गुजरने वाले वाहनों की जांच भी की गई। पुलिस अधिकारी लगातार भीड़ को संभालने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे।
शाहरुख का जन्मदिन हर साल प्रशंसकों के लिए उत्सव जैसा होता है। इस अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से लोग ‘मन्नत’ पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं देते हैं। अभिनेता भी कई बार घर की बालकनी या बाहर आकर प्रशंसकों का अभिवादन करते हैं और उनके स्नेह के लिए धन्यवाद देते हैं। इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना के मद्देनजर पुलिस ने पहले से व्यापक इंतजाम किए।
इधर, शाहरुख की आगामी फिल्म ‘किंग’ को लेकर भी चर्चा जारी है। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी यह फिल्म 24 दिसंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। इसका निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स ने किया है।
फिल्म के अंतरराष्ट्रीय वितरण को लेकर रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के सीईओ वेंकी मैसूर ने बताया कि विदेशी वितरण की जिम्मेदारी फर्स संभालेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि कंपनी की वैश्विक पहुंच और बाजार की समझ फिल्म को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने में सहायक होगी।












