भोपाल, 03 नवंबर।
मध्य प्रदेश में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 3062 आशा कार्यकर्ताओं के चयन की प्रक्रिया 16 नवंबर से शुरू होगी। करीब पांच साल बाद होने जा रहे इस चयन के लिए मंगलवार को सभी जिलों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
पात्र महिलाएं 16 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक एमपी ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगी। चयन में केवल ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। पूरी प्रक्रिया जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता वाली जिला स्वास्थ्य समिति की निगरानी में पूरी होगी। चयन ग्रामवार निर्धारित संख्या और चिह्नित गांवों के अनुसार किया जाएगा।
आवेदन करने वाली महिला का संबंधित गांव की निवासी और विवाहित होना जरूरी है। उसकी आयु 21 से 45 वर्ष तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं उत्तीर्ण होनी चाहिए। चयन में तय शैक्षणिक और प्राथमिकता संबंधी मापदंड लागू होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 17 से 25 दिसंबर तक आवेदन ग्रामसभा के सामने रखे जाएंगे। ग्रामसभाएं 26 दिसंबर से 18 जनवरी 2027 तक चयन प्रस्ताव अनुमोदित कर भेजेंगी। विकासखंड स्तर पर 19 जनवरी से 5 फरवरी तक दावे-आपत्तियों का निराकरण होगा। जिला स्तर पर अपील 6 से 25 फरवरी तक प्राप्त कर निपटाई जाएंगी।
जिला स्वास्थ्य समिति का अंतिम अनुमोदन 26 फरवरी से 5 मार्च तक होगा। चयन आदेश इसके बाद जारी किए जाएंगे। पूरी प्रक्रिया 5 मार्च 2027 तक पूरी करना अनिवार्य है। चयनित कार्यकर्ताओं की पहचान संख्या बनाने के लिए 6 से 20 मार्च तक पोर्टल पर अनुरोध भेजे जाएंगे। दस्तावेजों के राज्य स्तर पर सत्यापन और अनुमोदन के बाद पहचान संख्या जारी होगी।















