नई दिल्ली, 03 नवंबर।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने बुधवार को दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर में ‘अराजकता हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ के नारे के साथ महारैली आयोजित करने की घोषणा की है। संगठन का दावा है कि इसमें देशभर से 15 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे। अभाविप के राष्ट्रीय मंत्री आदित्य टकियार ने कहा कि भारत में सत्ता परिवर्तन लोकतांत्रिक प्रक्रिया से होता है, अराजकता के जरिए नहीं।
दिल्ली विश्वविद्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए टकियार ने कहा कि युवा राष्ट्र निर्माण और लोकतंत्र की रक्षा में अपनी भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विपक्ष और कुछ संगठनों पर विदेशी प्रभाव को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देने की मांग की। अभाविप ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल और संगठन विदेशी सहायता के जरिए देश में अस्थिरता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।
संगठन के दिल्ली प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि राष्ट्रवाद केवल सामाजिक माध्यमों पर नारों तक सीमित नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने का भाव है। उन्होंने सकारात्मक आंदोलनों और रचनात्मक विचारों को बदलाव का रास्ता बताया।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष यश डबास ने कहा कि विद्यार्थियों को राजनीतिक या विघटनकारी गतिविधियों का हिस्सा बनाने की कोशिश सफल नहीं होगी। अभाविप ने छात्रों से रैली में शामिल होकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान के प्रति प्रतिबद्धता जताने का आह्वान किया है।















