नई दिल्ली, 04 नवंबर।
घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी का रुख देखने को मिला। कमजोर वैश्विक संकेतों के कारण बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई, लेकिन कारोबार शुरू होते ही निवेशकों ने जमकर खरीदारी की। एफएमसीजी और बैंकिंग क्षेत्र के शेयरों में आई मजबूती से सेंसेक्स और निफ्टी ने शुरुआती नुकसान की भरपाई करते हुए बढ़त हासिल कर ली। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 0.44 प्रतिशत और निफ्टी 0.43 प्रतिशत की तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स 64.74 अंक यानी 0.08 प्रतिशत टूटकर 76,853.11 अंक पर खुला। हालांकि, कारोबार शुरू होने के बाद एचडीएफसी बैंक और आईटीसी जैसे बड़े शेयरों में खरीदारी से सूचकांक को मजबूती मिली। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 77,396.04 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया। सुबह 10 बजे तक यह 335.27 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,253.12 अंक पर कारोबार करता नजर आया।
एनएसई के निफ्टी ने भी 68.60 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,742.25 अंक पर कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद एफएमसीजी, वित्तीय और वाहन क्षेत्र के प्रमुख शेयरों में लिवाली से सूचकांक में तेजी आई। निफ्टी शुरुआती कारोबार में 23,946.35 अंक के स्तर तक पहुंच गया। सुबह 10 बजे तक यह 102.60 अंक यानी 0.43 प्रतिशत बढ़कर 23,913.45 अंक पर कारोबार कर रहा था।
शुरुआती कारोबार में कुल 2,832 शेयरों में सक्रिय खरीद-बिक्री देखने को मिली। इनमें 1,965 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में रहे, जबकि 867 शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार करते नजर आए। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 18 में तेजी और 12 में गिरावट रही। निफ्टी के 50 शेयरों में 32 शेयर बढ़त में और 18 शेयर नुकसान में रहे।
बाजार की तेजी के बीच आईटीसी सबसे अधिक लाभ कमाने वाली प्रमुख कंपनी रही। इसके शेयरों में 3.09 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। मैक्स हेल्थकेयर 2.65 प्रतिशत, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 2.41 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 2.23 प्रतिशत और बजाज फिनसर्व 1.71 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
दूसरी ओर, बाजार में तेजी के बावजूद कुछ प्रमुख शेयरों में गिरावट बनी रही। कोल इंडिया के शेयर 1.74 प्रतिशत टूटे। बीएसई लिमिटेड में 1.55 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन में 1.01 प्रतिशत, इन्फोसिस में 0.67 प्रतिशत और एचसीएल टेक में 0.56 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गई।
इससे पहले मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार में शानदार तेजी रही थी। सेंसेक्स 1,225.07 अंक यानी 1.62 प्रतिशत उछलकर 76,917.85 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 370.05 अंक यानी 1.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,810.85 अंक के स्तर पर पहुंचकर पिछले कारोबारी सत्र का समापन किया था।














