मुंबई, 03 नवंबर।
अभिनेत्री रश्मिका मंदाना की आगामी फिल्म 'मैसा' का पहला गाना 'ओ मैसा रे' दर्शकों के बीच आ गया है। इसमें अभिनेत्री का उग्र और दमदार रूप देखने को मिल रहा है। उनके जोशीले तांडव नृत्य, प्रभावशाली हाव-भाव और शानदार नृत्य संयोजन ने गाने को खास बना दिया है।
आदिवासी संस्कृति की पृष्ठभूमि में तैयार किए गए इस गाने में रश्मिका का एक नया अंदाज नजर आ रहा है। संगीतकार जेक्स बिजॉय ने गीत में दमदार धुनों के साथ आदिवासी संगीत का समावेश किया है, जो फिल्म के परिवेश को और प्रभावशाली बनाता है।
फिल्म का टीजर सामने आने के बाद से ही दर्शकों के बीच इसे लेकर उत्सुकता बनी हुई है। बड़े स्तर पर फिल्माए गए दृश्य, दमदार एक्शन और भावनात्मक कहानी ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया है।
'मैसा' की कहानी आदिवासी क्षेत्र की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें पिता और बेटी के रिश्ते को प्रमुखता से दिखाया गया है। फिल्म में पारिवारिक भावनाओं को एक्शन और रोमांच के साथ जोड़ने का प्रयास किया गया है।
अनफॉर्मुला फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन रवींद्र पुल्ले ने किया है। इसे भावनात्मक एक्शन थ्रिलर के रूप में तैयार किया गया है, जिसमें रश्मिका एक निडर और मजबूत महिला का किरदार निभा रही हैं।
फिल्म में रोमांचक एक्शन के साथ आदिवासी जीवन और संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। 'मैसा' आगामी 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।












