रियाद, 03 नवंबर।
एशियाई फुटबॉल परिसंघ ने एएफसी एशियन कप सऊदी अरब 2027 के आयोजन कार्यक्रम में बदलाव करते हुए टूर्नामेंट को स्थगित करने का फैसला लिया है। पहले यह प्रतियोगिता 7 जनवरी से 5 फरवरी 2027 तक आयोजित होनी थी। अब नए कार्यक्रम के अनुसार मुकाबले 23 दिसंबर 2027 से 21 जनवरी 2028 तक खेले जाएंगे।
एएफसी ने बताया कि टूर्नामेंट की तारीखों में बदलाव का निर्णय सऊदी अरब फुटबॉल महासंघ और स्थानीय आयोजन समिति के साथ चर्चा के बाद लिया गया है। मंगलवार को हुई विस्तृत बातचीत में प्रतियोगिता के आयोजन से जुड़ी परिस्थितियों पर विचार किया गया।
क्षेत्र में बनी असाधारण परिस्थितियों के साथ यात्रा और आयोजन संबंधी चुनौतियों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। टूर्नामेंट की नई तारीखों को अंतिम मंजूरी के लिए अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ के पास भेजा जाएगा।
एएफसी के मुताबिक, मौजूदा परिस्थितियों में पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार प्रतियोगिता आयोजित करना कठिन हो रहा था। ऐसे में सभी भाग लेने वाली टीमों, अधिकारियों, दर्शकों और अन्य संबंधित पक्षों के हितों को ध्यान में रखते हुए तारीखों में बदलाव जरूरी हो गया।
परिसंघ ने प्रतिष्ठित फुटबॉल प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए प्रतिबद्धता दिखाने पर सऊदी अरब फुटबॉल महासंघ और स्थानीय आयोजन समिति की सराहना की है।
एएफसी ने कहा कि वह आयोजन समिति, भाग लेने वाले सदस्य संघों, प्रायोजकों और प्रसारण तथा व्यावसायिक साझेदारों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखेगा। इसका उद्देश्य एशिया की प्रमुख पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सफल और व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करना है।











