नई दिल्ली, 03 नवंबर।
जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 3-0 से शानदार जीत दर्ज की। इस प्रदर्शन का असर आईसीसी महिला वनडे खिलाड़ी रैंकिंग में भी देखने को मिला है। भारतीय खिलाड़ियों को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में फायदा हुआ है। गेंदबाजी में सबसे बड़ी छलांग युवा स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने लगाई है।
20 वर्षीय वैष्णवी ने रैंकिंग में 53 स्थानों का सुधार करते हुए 94वां स्थान हासिल कर लिया है। उन्होंने सीरीज के दूसरे मुकाबले में चार विकेट लिए थे। इसके बाद तीसरे वनडे में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा। अपने करियर का तीसरा वनडे खेलते हुए उन्होंने 39 रन देकर पांच विकेट झटके और प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार अपने नाम किया।
भारतीय तेज गेंदबाज सयाली सतघारे को भी रैंकिंग में बढ़त मिली है। आखिरी मुकाबले में उन्होंने छह ओवर में केवल 11 रन देकर दो विकेट हासिल किए। इस प्रदर्शन के दम पर सयाली 18 स्थान ऊपर चढ़कर 85वें नंबर पर पहुंच गई हैं। क्रांति गौड़ ने भी एक स्थान का सुधार करते हुए 24वीं रैंक हासिल की है।
जिम्बाब्वे की गेंदबाज नोमवेलो सिबांडा को भी फायदा हुआ है। तीसरे वनडे में एक विकेट लेने के बाद वह दो स्थान ऊपर चढ़कर 60वें नंबर पर पहुंच गई हैं।
बल्लेबाजी रैंकिंग में भारतीय सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल ने तीन स्थान की बढ़त हासिल की है। सीरीज में लगातार तीसरा अर्धशतक लगाने के बाद वह 18वें स्थान पर पहुंच गई हैं। शेफाली वर्मा ने भी आखिरी वनडे में 51 रन की आक्रामक पारी खेलकर आठ स्थान का सुधार किया है। अब वह संयुक्त रूप से 65वें नंबर पर हैं।
जिम्बाब्वे की बल्लेबाजों को भी रैंकिंग में फायदा मिला है। आखिरी मुकाबले में 37 रन बनाने वाली सलामी बल्लेबाज मोडेस्टर मुपाचिकवा तीन स्थान ऊपर चढ़कर 36वें नंबर पर पहुंच गई हैं। टीम की कप्तान जोसेफिन नकोमो ने भी दो स्थान की बढ़त के साथ 49वीं रैंक हासिल की है।











