रुपन्देही, 04 नवंबर।
भारत से लगी नेपाली सीमा के पास रुपन्देही जिले में भारतीय पंजीकरण वाली मर्सिडीज कार लावारिस हालत में मिली है। पुलिस ने मंगलवार को सिद्धार्थनगर नगरपालिका के बसडिलवा क्षेत्र से वाहन बरामद किया। कार का पंजीकरण नंबर जीजे 21 सीबी 6001 है।
जिला पुलिस कार्यालय रुपन्देही के अनुसार, एक खाली जमीन पर लंबे समय से कार खड़ी होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस निरीक्षक चंद्रकिशोर शाह ने बताया कि वाहन लावारिस अवस्था में मिला था।
पुलिस ने कार की अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई है। आवश्यक जांच और कानूनी प्रक्रिया के लिए वाहन को भैरहवा स्थित बेलहिया सीमा शुल्क कार्यालय भेज दिया गया है।















