श्रीनगर, 04 नवंबर।
जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के बेमिना क्षेत्र के दुर्बल में मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि आग लगने से भारी नुकसान हुआ। तिरपाल और लकड़ी से बने करीब 80 अस्थायी आश्रय स्थल जलकर नष्ट हो गए। हादसे में दिल्ली के दो लोगों की मौत हो गई।
अधिकारी के अनुसार, आग रात लगभग 12:23 बजे शुरू हुई और देखते ही देखते आसपास के आश्रय स्थलों तक फैल गई। लपटों की चपेट में एक खाली पोल्ट्री फार्म और एक टिपर ट्रक भी आ गया, जिससे उन्हें नुकसान पहुंचा।
आग पर काबू पाने के लिए जेबीसी और रावलपोरा दमकल केंद्रों से गाड़ियां भेजी गईं। इसके साथ ही बटामालू स्थित अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा मुख्यालय से अतिरिक्त सहायता मौके पर पहुंची।
अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग को सूचना मिलने तक पूरा क्षेत्र आग की चपेट में आ चुका था। आग बुझाने के बाद मलबे से दो शव निकाले गए। मृतकों की पहचान दिल्ली निवासी मोहम्मद नूर आलम (27), पुत्र अब्दुल वहाब, और अल अमीन (16), पुत्र मोहम्मद रफी, के रूप में हुई है। नूर आलम वर्तमान में दुर्बल और अल अमीन कुपवाड़ा में रह रहा था।
जानकारी के अनुसार, दोनों इलाके में कबाड़ बीनने का काम करते थे। फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव पुलिस को सौंप दिए गए हैं। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।















