चेन्नई, 04 नवंबर।
तमिलनाडु विधानसभा की पांच खाली सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान दिवाली के बाद किया जा सकता है। ये सीटें अन्नाद्रमुक के विधायकों के इस्तीफे के कारण रिक्त हुई हैं। राज्य में अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव में टीवीके ने 108 सीटें जीतकर कांग्रेस, वीसीके, मुस्लिम लीग और वाम दलों के समर्थन से गठबंधन सरकार बनाई थी।
सरकार के पास पर्याप्त संख्या नहीं होने पर अन्नाद्रमुक के 25 विधायकों ने पार्टी नेतृत्व के निर्देशों से अलग जाकर टीवीके सरकार का समर्थन किया था। इससे पार्टी में असमंजस बढ़ा और कुछ विधायकों ने इस्तीफा देकर टीवीके का दामन थाम लिया। इस घटनाक्रम से सात सीटें खाली हुई थीं। इनमें मदुरांतकम और धारापुरम की सीटों पर उपचुनाव हो चुके हैं। अन्नाद्रमुक की पूर्व विधायक मरगदम कुमारवेल और सत्यबामा ने टीवीके के टिकट पर चुनाव लड़कर इन सीटों पर जीत दर्ज की।
अब विरालीमलाई, करूर, अंबासमुद्रम, पेरुंदुरई और तिरुचि पूर्व सीटों से जुड़े मामले मद्रास उच्च न्यायालय में लंबित हैं। तिरुचि पूर्व सीट मुख्यमंत्री विजय के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है। अदालत ने इन मामलों में फैसला सुरक्षित रखा है और जल्द निर्णय आने की उम्मीद है। इसी बीच निर्वाचन आयोग पांचों सीटों पर उपचुनाव कराने की तैयारियों में जुटा है।
राज्य में मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण जारी है। यह काम दिसंबर में पूरा होने और जनवरी के पहले सप्ताह में अंतिम मतदाता सूची जारी होने की संभावना है। उपचुनाव की घोषणा के बाद इस कार्यक्रम में बदलाव हो सकता है। आयोग ने मतदान केंद्रों की नई सूची जारी की है, जिसमें 56 नए केंद्र शामिल किए गए हैं। संबंधित जिलों के निर्वाचन अधिकारियों के साथ भी चर्चा की जा रही है।
बताया जा रहा है कि तिरुचि पूर्व को छोड़कर अन्य चार सीटों पर टीवीके उन नेताओं को फिर से उम्मीदवार बना सकती है, जो अन्नाद्रमुक छोड़कर पार्टी में आए थे। इनमें विरालीमलाई से सी. विजयभास्कर, करूर से एम.आर. विजयभास्कर, अंबासमुद्रम से इसाक्की सुब्बैया और पेरुंदुरई से जयकुमार के नाम शामिल हैं। आयोग का लक्ष्य 20 दिसंबर तक पांचों सीटों पर उपचुनाव की प्रक्रिया पूरी करना है।















