नई दिल्ली, 04 नवंबर।
संयुक्त अरब अमीरात में 12 नवंबर से शुरू होने वाली आईसीसी महिला इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी के लिए बांग्लादेश ने अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की अगुआई नाहिदा अख्तर करेंगी। पिछले महीने उन्हें निगार सुल्ताना जोटी की जगह कप्तान बनाया गया था। इस जिम्मेदारी के बाद यह उनका पहला बड़ा टूर्नामेंट होगा।
10 टीमों के इस आयोजन में बांग्लादेश को ग्रुप-बी में पाकिस्तान, थाईलैंड, नीदरलैंड और जिम्बाब्वे के साथ रखा गया है। टूर्नामेंट का फाइनल 25 नवंबर को खेला जाएगा। अनुभवी बल्लेबाज सोभाना मोस्तारी को उपकप्तान बनाया गया है। पूर्व कप्तान निगार सुल्ताना जोटी भी टीम में शामिल हैं और खिलाड़ी के रूप में मैदान पर उतरेंगी।
तेज गेंदबाज मारुफा अख्तर टखने की चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर रहेंगी। उनकी जगह दिशा बिस्वास को टीम में मौका मिला है। सलामी बल्लेबाज साथी रानी और ऑलराउंडर जन्नतुल फिरदुस सुमोना की भी टीम में वापसी हुई है।
बांग्लादेश अपने अभियान का आगाज 12 नवंबर को पाकिस्तान के खिलाफ करेगा। यह मुकाबला संयुक्त अरब अमीरात के अजमान स्थित करवान क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा।
बांग्लादेश की 15 सदस्यीय टीम: नाहिदा अख्तर (कप्तान), सोभाना मोस्तारी (उपकप्तान), दिलारा अख्तर, शर्मिन अख्तर सुप्ता, शोर्ना अख्तर, दिशा बिस्वास, जुवैरिया फिरदौस, जन्नतुल फर्दूस सुमोना, राबेया खान, फाहिमा खातून, शांजिदा अख्तर मगला, रितु मोनी, साथी रानी, निगार सुल्ताना जोटी और फरीहा इस्लाम त्रिस्ना।











