देवास, 04 नवंबर।
खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर हत्या करने के मामले में गिरफ्तार चालक ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया। देवास जिले के बरोठा के पास हुई पुलिस कार्रवाई में गोली लगने से वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे दोबारा पकड़कर अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार देर शाम आरोपी को आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर से गिरफ्तार कर खातेगांव ले जाया जा रहा था। रास्ते में बरोठा के पास चालक अक्कू ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसे रोकने के लिए फायरिंग की, जिसमें वह घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
गौरतलब है कि रविवार रात खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी अवैध शराब तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंचे थे। उन्होंने शराब से भरे ट्रक के चालक को बाहर आने के लिए कहा था। पुलिस के अनुसार, चालक ने ट्रक डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ा दिया और उसका पिछला पहिया थाना प्रभारी के ऊपर चढ़ गया।
घायल थाना प्रभारी को अस्पताल ले जाया गया। वहां करीब दो घंटे तक सीपीआर और उपचार किया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।















