नई दिल्ली, 05 नवंबर।
दिल्ली के जीएमआर क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए दिल्ली कैपिटल्स स्कूल कप-2026 के सेमीफाइनल में दमदार प्रदर्शन करते हुए सेंट फ्रोबेल पश्चिम विहार और मॉडर्न स्कूल बाराखंभा रोड ने फाइनल का टिकट हासिल कर लिया। सेंट फ्रोबेल ने डीपीएस वसंत कुंज को 182 रन से शिकस्त दी, जबकि मॉडर्न स्कूल ने बिलबोंग स्कूल नोएडा को 49 रन से हराया। पहले सेमीफाइनल में सेंट फ्रोबेल ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 247 रन बनाए। नूर मोहम्मद ने 65 गेंदों पर नाबाद 142 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 17 चौके और आठ छक्के शामिल थे। सैयांश वोहरा ने 36 गेंदों पर 68 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए डीपीएस वसंत कुंज की टीम 14.4 ओवर में 65 रन पर सिमट गई। सूर्यांश यादव ने 28 और हार्दिक धामा ने 16 रन बनाए। पवन बघेल ने 3.4 ओवर में आठ रन देकर चार विकेट झटके, जबकि सैयांश ने तीन ओवर में एक मेडन के साथ चार रन देकर एक विकेट लिया।
दूसरे सेमीफाइनल में मॉडर्न स्कूल बाराखंभा रोड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 176 रन बनाए। वियान सचदेवा ने 29 गेंदों पर 66 रन की तेज पारी खेली, जबकि शिवेश कपूर ने 38 गेंदों पर 53 और गृहिथ गुंबर ने 32 रन जोड़े। जवाब में बिलबोंग स्कूल नोएडा की टीम नौ विकेट पर 127 रन ही बना सकी। अबीर सुदान ने 34 गेंदों पर 67 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। मॉडर्न स्कूल की ओर से विनायक चौधरी और माहिर सिंह ने दो-दो विकेट लिए, जबकि आदित्य मित्तल और गृहिथ गुंबर ने एक-एक सफलता हासिल की। अब सेंट फ्रोबेल पश्चिम विहार और मॉडर्न स्कूल बाराखंभा रोड के बीच 6 नवंबर को खिताबी मुकाबला होगा। दोनों टीमें डीसी स्कूल कप-2026 की ट्रॉफी अपने नाम करने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।











