गोवा, 26 नवंबर।
गोवा में जारी 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के पांचवें दिन बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के पवेलियन में फिल्म क्षेत्र से जुड़े लोगों को राज्य की फिल्म नीति की जानकारी दी गई। निगम के फिल्म परामर्शी प्रो. अरविंद रंजन दास ने आगंतुकों को नीति के प्रावधानों, शूटिंग की स्वीकृति और अनुदान प्रक्रिया से अवगत कराया।
बिहार पवेलियन पहुंचे सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव पृथुल कुमार का अनुभव सागर और निगम की टीम ने स्वागत किया, वहीं अभिनेता पंकज झा का भी अभिनंदन हुआ। राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम के अधिकारियों ने बिहार फिल्म निगम के साथ मिलकर फिल्म निर्माण के अनुकूल माहौल तैयार करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
अभिनेता पंकज झा ने कहा कि बिहार में विविध विषयों पर फिल्मों की शूटिंग संभव है और इसके सिनेमैटिक लोकेशन हमेशा से फिल्मकारों को आकर्षित करते रहे हैं, हालांकि अनुदान व्यवस्था से शूटिंग की गति बढ़ी है। उन्होंने बताया कि सब्सिडी योजना से कला व गैर-व्यावसायिक फिल्मों के साथ भोजपुरी और मैथिली में मानवीय संवेदनाओं वाली फिल्मों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा रचनात्मक प्रयोगों को बल मिलेगा।
पंकज झा के अनुसार, फिल्मों का उद्देश्य केवल दुख-दर्द भुलाने का साधन बने रहना नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें समाज में मानवीय जागरूकता का सशक्त आधार बनना चाहिए।
निगम के निमंत्रण पर पवेलियन आए राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त फिल्मकार कामाख्या नारायण सिंह को संचार सलाहकार कुमार गौरव ने आईएफएफआई में चयनित उनकी फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2 गोज़ बियॉन्ड’ के लिए बधाई व सम्मान दिया। इस फिल्म के लेखक-निर्देशक कामाख्या की यह कृति इंडियन पैनोरमा वर्ग में चुनी गई है और अंतर्राष्ट्रीय श्रेणी में भी प्रतिस्पर्धा कर रही है।
सनशाइन के बैनर तले विपुल अमृतलाल शाह के निर्माण में बनी इस फिल्म में उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा, अदिति भाटिया, सुमित गहलावत और अर्जन औजला ने अहम किरदार निभाए हैं। बिहार से जुड़े कामाख्या नारायण सिंह फीचर फिल्म ‘भोर’ और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता वृत्तचित्र ‘जस्टिस दिलेड बट डिलिवर्ड’ के लिए जाने जाते हैं।
पवेलियन में पहुंचे सत्यजीत रे फिल्म इंस्टीट्यूट और फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों ने इन संस्थानों में पढ़ रहे बिहार के छात्रों को छात्रवृत्ति देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार जताया। संचार सलाहकार कुमार गौरव ने स्पष्ट किया कि एफटीआईआई, एसआरएफटीआई और एनएसडी के बिहारी विद्यार्थी संस्थान के माध्यम से निगम को आवेदन भेज सकते हैं और छात्रवृत्ति राशि संबंधित संस्थान को भेजी जाती है।
कुमार गौरव ने आईएफएफआई गोवा के गैर-फीचर फिल्म वर्ग में आधिकारिक रूप से चयनित फिल्म ‘सेव द गॉड’ की टीम का भी पवेलियन में स्वागत कर बधाई दी। सुनील जैन व नीरज कुमार मिश्रा द्वारा सह-निर्मित और नीरज कुमार मिश्रा द्वारा लिखित-निर्देशित इस फिल्म में सान्या ठाकुर व कियांश संकलेचा मुख्य भूमिकाओं में हैं, जिनमें सान्या और नीरज बिहार से हैं।















