मदुरै, 27 नवंबर।
तमिलनाडु के तिरुपरंकुंद्रम में कार्तिगई दीपम दीप प्रज्ज्वलन विवाद को लेकर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई होगी। मामले में मदुरै के जिला कलेक्टर और अन्य अधिकारियों के खिलाफ अवमानना याचिकाएं दायर की गई हैं।
याचिकाओं में आरोप लगाया गया है कि अधिकारियों ने 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट की ओर से दिए गए आदेश के अनुसार दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति के बावजूद आयोजन नहीं कराया।
सुप्रीम कोर्ट में एक अन्य आवेदन भी पेश किया गया है। इसमें मांग की गई है कि उचिपिल्लैयार मंडपम में जल रहे दीपक की लौ से दीपथून पर दीप प्रज्ज्वलित किया जाए।
मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल पंचोली की पीठ करेगी।
इससे पहले मदुरै के जिला कलेक्टर ने सुप्रीम कोर्ट में स्थिति रिपोर्ट दाखिल कर बताया था कि 24 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने के लिए प्रशासन ने सभी जरूरी व्यवस्थाएं कर ली थीं। हालांकि, मंदिर के न्यासी मंडल से दीप प्रज्ज्वलन के लिए संबंधित लोगों को अनुमति नहीं मिलने के कारण आयोजन नहीं हो सका।















