रीवा, 27 नवंबर।
मध्य प्रदेश के रीवा में शुक्रवार से अग्निवीर भर्ती रैली शुरू हो रही है। इस भर्ती प्रक्रिया में प्रदेश के 15 जिलों के अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। लिखित परीक्षा में सफल रहे 3500 उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता और चिकित्सा परीक्षण के लिए बुलाया गया है।
रीवा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के अनुसार, यह भर्ती रैली 5 दिसंबर तक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और आईटीआई परिसर में आयोजित होगी। प्रतिदिन करीब 500 से 700 अभ्यर्थियों के शारीरिक और मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
रैली में रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, कटनी, जबलपुर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, मंडला, बालाघाट, सिवनी और डिंडौरी के उम्मीदवार शामिल होंगे।
भर्ती स्थल पर अभ्यर्थियों के पंजीयन और दस्तावेजों की जांच के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। यहां कंप्यूटर ऑपरेटर और संबंधित अधिकारी तैनात रहेंगे। शारीरिक दक्षता परीक्षण के लिए जरूरी उपकरण भी स्थापित किए गए हैं। पूरी प्रक्रिया सेना के अधिकारियों की निगरानी में संचालित होगी।
उम्मीदवारों के लिए परिसर में भुगतान के आधार पर नाश्ता और फल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। साफ-सफाई के लिए नगर निगम की टीम तथा चलित शौचालयों की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही दो एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम तैनात की गई है, ताकि परीक्षण के दौरान जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार मिल सके।
शारीरिक और मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया 27 नवंबर को रात 11 बजे से शुरू होगी। भर्ती स्थल पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। अभ्यर्थियों को भर्ती के नाम पर प्रलोभन देने वाले बिचौलियों और दलालों से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इस संबंध में भर्ती परिसर में चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं।
















