नई दिल्ली, 27 नवंबर।
भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय स्तर की संगठनात्मक बैठक शुक्रवार को दिल्ली स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, पूसा परिसर में शुरू हो रही है। 27 और 28 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व, राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश अध्यक्षों, राज्य प्रभारियों और संगठन महामंत्रियों की भागीदारी होगी। बैठक में 2027 में होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। दो दिनों के दौरान पांच सत्रों में संगठन की तैयारियों और चुनावी रणनीति की समीक्षा की जाएगी। बैठक दोपहर दो बजे शुरू होगी, जिसमें सभी 107 राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ अन्य संगठनात्मक प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। सभी पदाधिकारी सामूहिक रूप से बस से पूसा परिसर पहुंचेंगे और वहीं रुकेंगे। बैठक में किसी भी नेता के निजी सहायक को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।















