भिंड, 27 नवंबर।
भिंड में शुक्रवार शाम सायरन बजने और बिजली बंद होने की स्थिति में नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है। जिला प्रशासन युद्ध और हवाई हमले जैसी परिस्थितियों में आपातकालीन तैयारियों को जांचने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित करेगा। शाम 7 बजे शुरू होने वाला यह अभ्यास करीब 40 मिनट तक चलेगा, जिसमें पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां विभिन्न परिस्थितियों में अपनी प्रतिक्रिया का प्रदर्शन करेंगी।
अपर कलेक्टर राजन बी. नाडिया के अनुसार, अभ्यास की शुरुआत करीब ढाई मिनट तक सायरन बजाकर की जाएगी। इसके बाद पुलिस, होमगार्ड और राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल की टीमें सक्रिय होंगी। शहर में लगभग 40 मिनट तक ब्लैकआउट रहेगा। इस दौरान वाहनों की लाइट बंद कराने और नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया जाएगा। नागरिक सुरक्षा दल लोगों को आपात परिस्थितियों में सुरक्षा के जरूरी उपायों की जानकारी भी देंगे।
मॉक ड्रिल के दौरान नगर पालिका की डूबी पुलिया के पास एक भवन में आग लगने की काल्पनिक स्थिति तैयार की जाएगी। अग्निशमन दल मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभ्यास करेगा। इसके साथ ही हवाई हमले जैसी स्थिति में घायल लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने और उपचार के लिए भर्ती कराने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया जाएगा।
अभ्यास समाप्त होने पर 30 सेकंड का सायरन बजाया जाएगा, जो मॉक ड्रिल पूरी होने का संकेत होगा। इस आयोजन के माध्यम से प्रशासन, पुलिस और नागरिक सुरक्षा से जुड़ी टीमों की तत्परता तथा आपसी समन्वय को परखा जाएगा।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि शाम 7 बजे सायरन सुनाई देने पर इसे अभ्यास का हिस्सा समझें। ब्लैकआउट के दौरान वाहनों की लाइट बंद रखने में सहयोग करें और 30 सेकंड के अंतिम सायरन के बाद अभ्यास समाप्त होने का संकेत समझें।
















