चेन्नई, 27 नवंबर।
तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में जन्मदिन के बैनर लगाने के दौरान हुए हादसे में दो युवकों की जान चली गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) युवा शाखा के सचिव और चेपॉक विधायक उदयनिधि स्टालिन के जन्मदिन के कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियों के दौरान हुई। वाणी सत्रम क्षेत्र में बैनर लगाने के काम में वीरवेंदर (22), वेलन (30) और अल्बर्ट (22) जुटे थे। इसी दौरान बैनर लगाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा लोहे का पाइप बिजली की तार के संपर्क में आ गया, जिससे तीनों करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने वीरवेंदर और वेलन को उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया। अल्बर्ट का गहन चिकित्सा इकाई में इलाज जारी है। मृतक दोनों युवक स्थानीय डीएमके ब्लॉक सचिव थंगम मुरली के रिश्तेदार बताए गए हैं।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बैनर लगाने के दौरान लोहे का पाइप बिजली की तार तक कैसे पहुंचा और काम करते समय सुरक्षा उपायों का पालन किया गया था या नहीं। घायल युवक की हालत गंभीर बताई गई है और अस्पताल में उसका उपचार जारी है।

















