भोपाल, 26 नवंबर।
संविधान दिवस के मौके पर मेरा युवा भारत, भोपाल की ओर से कैरियर कॉलेज में विकसित भारत युवा संवाद का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को संविधान की भावना, लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक जिम्मेदारियों और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मानित डॉ. विजयदत्त श्रीधर, युवा आइकॉन डॉ. शुभम चौहान, खेल आइकॉन अंजना यादव और सामाजिक माध्यमों पर सक्रिय अजीत शुक्ला सहित कई अतिथि शामिल हुए। इसके अलावा राजेश गुप्ता, राज्य प्रोटोकॉल अधिकारी, जितेंद्र शर्मा, जिला परिवहन अधिकारी भोपाल, अरविंद श्रीधर और कैरियर समूह के निदेशक मनीष राजोरिया भी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने, सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। संवाद के दौरान संविधान के न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व जैसे मूल आदर्शों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

















