देहरादून, 27 नवंबर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर सहभागिता की। कार्यक्रम में मंत्रियों और शासन के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी रही। प्रदेश के सभी जिलाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े, वहीं विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी वर्चुअल रूप से कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
उत्तराखंड में 25 से 28 नवंबर तक आपदा प्रबंधन दिवस के तहत प्रदेशभर में जागरूकता गतिविधियां और अभ्यास आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के जरिए लोगों को आपदाओं से बचाव और तैयारी के प्रति जागरूक करने के साथ राहत एवं बचाव व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
प्रदेश में पहली बार आपदा प्रबंधन दिवस सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान की याद में मनाया जा रहा है। 28 नवंबर 2023 को उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को लंबे और चुनौतीपूर्ण बचाव प्रयासों के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। इसी सफल अभियान की स्मृति में उत्तराखंड में इस दिवस का आयोजन किया जा रहा है।

















