देवरिया, 27 नवंबर।
जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फार्म-6 की प्रगति अपेक्षित स्तर पर नहीं मिलने पर सात अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने संबंधित अधिकारियों को एक दिन के भीतर स्वयं उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।
26 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक में जिले की सात विधानसभा क्षेत्रों में नए मतदाताओं के पंजीकरण की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। इनमें रुद्रपुर, देवरिया, पथरदेवा, रामपुर कारखाना, भाटपार रानी, सलेमपुर और बरहज विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
निर्वाचन कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं होने और लापरवाही बरतने के मामले में संबंधित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से जवाब मांगा गया है। उन्हें निर्धारित समय के भीतर स्वयं उपस्थित होकर स्पष्ट और तथ्यात्मक स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है।
नोटिस पाने वालों में रुद्रपुर के तहसीलदार राहुल सिंह, देवरिया के खंड विकास अधिकारी गुरुशरण श्रीवास्तव, देसही देवरिया के खंड विकास अधिकारी सुधीर पाण्डेय, तरकुलवा के खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार सिंह और भाटपार रानी के खंड विकास अधिकारी प्रसिद्ध नाथ त्रिपाठी शामिल हैं।
इसके अलावा सलेमपुर के नायब तहसीलदार राम सूरज और बरहज के नायब तहसीलदार बिन्द्रेश कुमार गुप्ता को भी नोटिस जारी किया गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित अधिकारी अपने विधानसभा क्षेत्र में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। निर्वाचन से जुड़े कार्यों में लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और समयसीमा के भीतर काम पूरा करना सुनिश्चित करना होगा।

















