भोपाल, 27 नवंबर।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कथित रूप से छेड़छाड़ किया गया वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने के मामले में भोपाल क्राइम ब्रांच कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री पीसी शर्मा से पूछताछ करेगी। पुलिस उन्हें नोटिस देने की तैयारी में है। भाजपा प्रतिनिधिमंडल की शिकायत पर इस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
भाजपा नेताओं ने 24 नवंबर को क्राइम एवं साइबर डीसीपी अखिल पटेल को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी। इसके अलावा पिपलानी निवासी संतोष वर्मा ने भी शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि नितिन नवीन का कूटरचित वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर प्रसारित किया गया और पीसी शर्मा के फेसबुक खाते पर भी साझा हुआ। शिकायतकर्ता ने पुलिस को मूल वीडियो उपलब्ध कराया है और दावा किया है कि उसमें बदलाव कर दूसरा वीडियो बनाया गया।
वायरल वीडियो में नितिन नवीन चंडीगढ़ के एक कार्यक्रम में पाकिस्तान के मंत्रियों के प्रतिनिधिमंडल के भारत आने और इस निर्णय के चीन के दबाव में होने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं।
क्राइम ब्रांच अब मूल और प्रसारित वीडियो की जांच कराएगी। पीसी शर्मा से वीडियो के स्रोत और उसे साझा करने के आधार के बारे में पूछताछ होगी। पुलिस वीडियो की प्रामाणिकता और संभावित छेड़छाड़ से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

















