भोपाल, 27 नवंबर।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में कांग्रेस के देशभर में चल रहे आंदोलन के बीच मध्य प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल की उनके साथ तस्वीर सामने आने से विवाद खड़ा हो गया है। तस्वीर को लेकर भाजपा ने कांग्रेस नेता पर सवाल उठाए हैं। शुक्रवार को अजय सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि वह ज्ञानेश कुमार को जानते ही नहीं हैं।
दरअसल, 23 नवंबर को भोपाल में ईओडब्ल्यू के डीजी उपेंद्र जैन के बेटे दिव्यांशु के विवाह समारोह में ज्ञानेश कुमार और अजय सिंह दोनों मौजूद थे। इसी दौरान खींची गई तस्वीर अजय सिंह ने अपने फेसबुक पर साझा की थी। इसे लेकर सवाल उठने पर उन्होंने कहा कि उन्हें तस्वीर में मौजूद व्यक्ति की पहचान नहीं थी। वह उपेंद्र जैन के बेटे के रिसेप्शन में पहुंचे थे, जहां पूर्व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर सहित अन्य लोग मौजूद थे। किसी ने परिचय नहीं कराया और सामान्य रूप से फोटो खिंच गई।
अजय सिंह ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की कांग्रेस की मांग दोहराई। इस बीच भाजपा ने एक्स पर टिप्पणी कर कांग्रेस नेता को निशाने पर लिया। भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के विरोध में पुतला भी जलाया। इस घटनाक्रम से प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

















