मुंबई, 27 नवंबर।
मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल की वरली इकाई ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) क्षेत्र से पकड़े गए आरोपितों के पास से 12 किलो 200 ग्राम चरस बरामद की गई है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12.20 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, 25 नवंबर को वरली इकाई की टीम एलटीटी परिसर में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री से जुड़े लोगों पर निगरानी कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्धों के बारे में सूचना मिली। पुलिस ने कार्रवाई कर उन्हें हिरासत में लिया और तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में चरस बरामद की। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में तिलक नगर पुलिस थाने में 25 नवंबर को एनडीपीएस अधिनियम के तहत धारा 8(क), 20(ब)(ii)(क) और 29 में प्रकरण दर्ज किया गया है। कार्रवाई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे और अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय के मार्गदर्शन में हुई। पुलिस उपायुक्त पूर्णिमा चौगुले-श्रृंगी की निगरानी में वरली इकाई के प्रभारी संतोष सालुंखे के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक दिगंबर पाटील, उपनिरीक्षक मुकुंद जाधव और टीम ने कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसे मुंबई में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। तस्करी से जुड़े आपूर्तिकर्ताओं और नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। इसी सिलसिले में मुंबई पुलिस की एक टीम उत्तर प्रदेश भी भेजी गई है।

















