नई दिल्ली, 27 नवंबर।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन के दिल्ली स्थित घर पहुंचे। यहां उन्होंने शाहनवाज हुसैन के बेटे अरबाज और पुत्रवधू अफशां को आशीर्वाद दिया।
शाहनवाज हुसैन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर मुलाकात की तस्वीरें साझा कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डॉ. मोहन भागवत उनके आवास पर बेटे अरबाज और बहू अफशां को आशीर्वाद देने पहुंचे थे।
शाहनवाज हुसैन ने इस अवसर पर भागवत के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनका स्नेह और आशीर्वाद परिवार के लिए बेहद अनमोल है। उन्होंने पूरे परिवार की ओर से सरसंघचालक का धन्यवाद किया।
साझा की गई चार तस्वीरों में मोहन भागवत परिवार के सदस्यों के साथ दिखाई दे रहे हैं। इनमें वह नवदंपति को गुलदस्ता और उपहार देते हुए भी नजर आए।
गौरतलब है कि शाहनवाज हुसैन के बेटे अरबाज का विवाह अक्टूबर में अफशां अकरम खान के साथ हुआ था।















