भोपाल, 27 नवंबर।
मध्य प्रदेश में सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को डिजिटल प्रशिक्षण से जोड़ने के लिए मिशन कर्मयोगी के तहत द्वितीय आईगॉट राज्य सीखें सप्ताह का आयोजन 7 से 11 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान विभागों और जिलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले तीन अधिकारियों या कर्मचारियों को प्रमाण-पत्र अथवा पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 में मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष तीन लोकसेवकों को भी सम्मान मिलेगा।
सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभाग प्रमुखों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को आयोजन की तैयारियां समय पर पूरी करने और प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं। लक्ष्य प्रदेश की राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम रैंकिंग सुनिश्चित करना है।
सप्ताह के दौरान प्रत्येक शासकीय सेवक को पोर्टल अथवा मोबाइल ऐप पर कम से कम तीन घंटे का प्रशिक्षण पूरा करना होगा। इसमें दो सामान्य पाठ्यक्रम और एक कृत्रिम बुद्धिमत्ता से संबंधित पाठ्यक्रम अनिवार्य रहेगा।
विभागों और जिलों को पंजीयन, पाठ्यक्रम आवंटन तथा प्रशिक्षण पूरा होने की स्थिति की समीक्षा कर लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए गए हैं। ई-मेल, बैठकों और संदेश समूहों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाई जाएगी। सप्ताह से पहले अभिमुखीकरण और प्रदर्शन भी आयोजित होंगे।
इसके अलावा प्रत्येक कर्मचारी को प्रतिमाह न्यूनतम एक घंटे का प्रशिक्षण पूरा करना होगा। इसके लिए वार्षिक कार्य निष्पादन मूल्यांकन में अंक देने की व्यवस्था पर भी कार्यवाही की जाएगी। राज्यों का मूल्यांकन 100 अंकों की राष्ट्रीय श्रेणीकरण रूपरेखा के आधार पर किया जा रहा है।
















