जम्मू, 23 मार्च।
केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा हालात और जेकेपी की वित्तीय स्थिति पर उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। यह बैठक नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दोपहर 2:30 बजे आयोजित होगी।
बैठक में केंद्र शासित प्रदेश के मुख्य सचिव अटल दुल्लू, गृह सचिव चंद्रकर भारती, पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और दोनों जोन के आईजीपी शामिल होंगे। समीक्षा का उद्देश्य आतंकवाद विरोधी अभियानों की प्रगति, ओवर ग्राउंड वर्कर्स की गतिविधियों और सुरक्षा बलों की वित्तीय एवं परिचालन आवश्यकताओं का मूल्यांकन करना है।
सूत्रों ने बताया कि बैठक में विशेष रूप से जम्मू मंडल के पहाड़ी क्षेत्रों में आतंकवादियों की संभावित उपस्थिति और उनके नेटवर्क को नष्ट करने के प्रयासों पर चर्चा की जाएगी। ग्रीष्म ऋतु के आगमन के साथ इन अभियानों को और तेज करने की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा।











