शिमला, 28 मार्च।
हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम लगातार बदलते रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में 3 अप्रैल तक आंधी-तूफान, बिजली और बारिश के साथ-साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है, जिससे जनजीवन और फसलों पर असर पड़ सकता है।
शनिवार सुबह शिमला, मनाली और अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बादल छाए रहे, जबकि निचले इलाकों में कुछ जगह धूप दिखाई दी। मौसम विभाग ने बताया कि अप्रैल के पहले सप्ताह में भी प्रदेश में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। 29 और 30 मार्च को भी अलग-अलग क्षेत्रों में आंधी-तूफान और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। 31 मार्च और 1 अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 2 और 3 अप्रैल को प्रदेश के कई हिस्सों में फिर गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।
मार्च के दूसरे पखवाड़े से प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। इससे सूखे जैसी परिस्थितियों से राहत मिली है, लेकिन तापमान में गिरावट के कारण ठंड का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं, सरसों और बागवानी फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई है।
बीते 24 घंटों में प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शिमला में न्यूनतम तापमान 10.5, सुंदरनगर 12.1, भुंतर 10.0, कल्पा 4.0, धर्मशाला 9.5, ऊना 16.0, नाहन 13.0, केलांग 1.1, पालमपुर 11.0, सोलन 10.2, मनाली 6.5, कांगड़ा 14.2, मंडी 13.6, बिलासपुर 14.0, चंबा 12.3, जुब्बड़हट्टी 11.4, कुफरी 6.1, कुकुमसेरी 4.2, बरमौर 8.0, सियोबाग 8.5, बरठीं 12.3, कसौली 11.6, पांवटा साहिब 18.0, सराहन 9.3, देहरा गोपीपुर 18.0, ताबो 1.6 और नेरी 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।












